गाजियाबाद में भाजपा कार्यालय पर भिड़े युवा पदाधिकारी, वरिष्ठ नेताओं ने किया बीच-बचाव

                                                     


गाजियाबाद, जागरण संवाददाता। नेहरूनगर स्थित भाजपा महानगर कार्यालय पर शुक्रवार दोपहर एक बैठक से पहले युवा मोर्चा के दो पदाधिकारी भिड़ गए। पहले तो दोनों में विवाद हुआ और इसके बाद दोनों आपस में भिड़ गए। मौके पर जुटे भाजपा नेताओं ने दोनों का बीच-बचाव कराया और दोनों का समझौता कराया। इस दौरान महानगर कार्यालय पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


बाद में दोनों पदाधिकारियों ने वरिष्ठ नेताओं से माफी मांगी और भविष्य में इस तरह की गलती दोबारा न करने की बात कही। इसके बाद मामले को रफा-दफा कर दिया गया।


रविवार को गाजियाबाद आएंगे जेपी नड्डा


दरअसल शुक्रवार को क्षेत्रीय अध्यक्ष अश्विनी त्यागी महानगर कार्यालय पर भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा के पांच जनवरी को जिले में आगमन की तैयारियों के संबंध में बैठक लेने आए थे। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कार्यालय पर मौजूद थे। इस दौरान भाजयुमो के महानगर अध्यक्ष गौरव चौपड़ा और दूसरे पदाधिकारी अंकुश अरोड़ा में किसी बात को लेकर विवाद हो गया।                                                                                                                                            विवाद इतना गहरा गया कि दोनों के बीच हाथापाई हो गई और आपस में भिड़ गए। मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने मामले को शांत कराया। भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने दोनों को बैठाकर समझौता करा दिया और दोनों ने माफी मांग ली। इसके बाद मामला शांत हो गया।